किशनगढ़ रेनवाल | साइंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अध्यापक श्रीमान राजेश जी कुमावत ने अपना जन्मदिन इस बार बेहद अनोखे अंदाज में मनाकर समाज के सामने पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण पेश किया।
अपने जन्मदिन के अवसर पर राजेश जी कुमावत ने केवल जश्न मनाने के बजाय प्रकृति को समर्पित करने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने जन्मदिन पर रेनवाल क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 1100 पेड़ लगाने का प्रण लिया। उनका उद्देश्य हर जन्मदिन को धरती को हरा-भरा बनाने में योगदान देना है।
इस सराहनीय पहल की संस्था प्रधान श्रीमान राजेश सिंगड़ ने खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा, "अगर सभी लोग इसी प्रकार अपने जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित करें, तो हमारी प्रकृति निश्चित रूप से हरी-भरी और खुशहाल रहेगी। यह प्रकृति के प्रति उठाया गया एक विशेष और प्रेरणादायक कदम है।"
विद्यालय की प्रधानाचार्या चेतना सिंह ने कहा कि यह एक शिक्षक द्वारा प्रकृति के नाम दिया गया बड़ा संदेश है। उन्होंने बताया कि आगे भी साइंस एकेडमी परिवार समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े कदम उठाता रहेगा।
कार्यक्रम में मौजूद संस्था के मैनेजिंग डायरेक्टर कैलाश शर्मा ने कहा, "पेड़ ही जीवन हैं।" उन्होंने जानकारी दी कि 1100 पेड़ रेनवाल क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगाए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी संस्था द्वारा इस प्रकार के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
श्री राजेश कुमावत के इस कदम ने न केवल छात्रों बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा दी है।
No approved comments yet. Be the first to share your view.