जयपुर। पंचायती राज आम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक और जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने गुरुवार को चौमू, किशनगढ़-रेनवाल और जोबनेर उपखंड क्षेत्रों का दौरा कर चुनावी तैयारियों एवं कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।

दौरे के दौरान अधिकारियों ने उपखंड कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, स्वच्छता, रैंप, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध भौतिक सुविधाओं, पेयजल और शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मतदान दलों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और ईवीएम के संग्रहण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

वहीं, संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात करने और प्रशासनिक निगरानी मजबूत रखने पर जोर दिया गया, ताकि आगामी पंचायती राज चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराए जा सकें।

बैठक में जोबनेर उपखंड अधिकारी रमेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक पन्नालाल जांगिड़, तहसीलदार गजेन्द्र सिंह, पंचायत समिति के विकास अधिकारी कैलाश चन्द बारहेठ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।