चौमूं/जयपुर/ रिपोर्ट: मोना कुमावत। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोविन्दगढ़ थाना पुलिस की इस कार्रवाई में सोलर प्लांटों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह की करीब 50 वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 किलो तांबा भी बरामद किया है।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा के निर्देशन में थाना प्रभारी विनोद सांखला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कानाराम, राजेन्द्र बांवरिया और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी असलम खान के रूप में हुई है।
गूगल मैप से तलाशते थे सोलर प्लांट, फिर बनाते थे चोरी का निशाना
पुलिस पूछताछ में गिरोह के वारदात करने का तरीका सामने आया है। आरोपी गूगल मैप की मदद से सुनसान स्थानों पर स्थित सोलर प्लांट की लोकेशन तलाशते थे। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से वहां चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी किए गए तांबे सहित अन्य सामान को कबाड़ी के माध्यम से बेच दिया जाता था।
50 वारदातों का खुलासा, 50 किलो तांबा बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में करीब 50 चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 50 किलो तांबा बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों तथा संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई से गिरोह में मचा हड़कंप
जयपुर ग्रामीण पुलिस की इस कार्रवाई से सोलर प्लांटों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से परेशान लोगों को पुलिस की इस कार्रवाई से राहत मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।
No approved comments yet. Be the first to share your view.