जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर आरक्षण की तस्वीर अब साफ होने लगी है। जयपुर जिला कलेक्ट्रेट में बुधवार को जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों और पंचायत समिति प्रधान पदों के लिए आरक्षण निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन की लॉटरी प्रक्रिया शुरू हुई। यह प्रक्रिया सुबह 10:15 बजे से जिला कलेक्ट्रेट में शुरू हुई।

जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि लॉटरी के माध्यम से जिला परिषद सदस्यों, जयपुर जिले की सभी पंचायत समितियों के प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के पदों का आरक्षण निर्धारित किया जा रहा है। जयपुर जिले में 597 ग्राम पंचायतें और 22 पंचायत समितियां हैं।

जिला प्रधान की आरक्षण लॉटरी

श्रेणी पंचायत समिति
SC ओपन तूंगा, आंधी
SC महिला रामपुरा डाबरी, कोटखावदा
ST ओपन चौमूं, किशनगढ़-रेनवाल
ST महिला अमरसर
OBC ओपन माधोराजपुरा, सांगानेर
OBC महिला जोबनेर, मौजमाबाद
अनारक्षित ओपन शाहपुरा, बस्सी, जमवा-रामगढ़, फागी, गोविंदगढ़
अनारक्षित महिला दूदू, जालसू, चाकसू, आमेर, झोटवाड़ा

आरक्षण तय होने के साथ बढ़ी चुनावी हलचल

प्रधान पदों के आरक्षण की स्थिति सामने आने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। खासकर अनारक्षित ओपन श्रेणी में आने वाली पंचायत समितियों में संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।

वहीं, SC, ST और OBC सहित महिला आरक्षित सीटों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद संबंधित वर्गों के संभावित उम्मीदवार भी चुनावी तैयारियों में जुट सकते हैं।

जिला परिषद सदस्यों और पंचायत समिति सदस्यों के पदों का आरक्षण भी इसी प्रक्रिया के तहत निर्धारित किया जा रहा है। आरक्षण की पूरी तस्वीर सामने आने के बाद पंचायत चुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।