कालवाड़। बाड़ी नदी बालाजी मंदिर में हुई चोरी की वारदात का कालवाड़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति को भी पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को परिवादी सोहनलाल सैनी ने कालवाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बाड़ी नदी बालाजी धाम मंदिर का ताला तोड़कर चांदी के छत्र और मुकुट चोरी कर लिए गए। मंदिर थाने से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित है। सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 1:40 से 1:53 बजे के बीच बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देते नजर आए।
दिन में करते थे रेकी, रात में चोरी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय मंदिरों की रेकी करते थे और रात में दोबारा पहुंचकर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे और अपने शौक पूरे करने के लिए रुपयों की जरूरत पड़ने पर चोरी करते थे।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में राहुल शर्मा (22) निवासी गोगोरियों की ढाणी, थाना सामोद और मनीष वर्मा (22) निवासी बलाइयों का मोहल्ला, ग्राम धीघावाड़ी, थाना सामोद को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
वहीं चोरी का सामान खरीदने के आरोप में अकरम न्योरिया (35) निवासी मदीना कॉलोनी, चौमूं को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए वीडियो पर क्लिक करें।
No approved comments yet. Be the first to share your view.