किशनगढ़-रेनवाल। जोबनेर सर्किल क्षेत्र में गजकेसरी होटल के पास एक चाय की थड़ी में घुसकर दुकानदार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कार में सवार होकर आए तीन युवक चाय की थड़ी पर पहुंचे और दुकानदार कासम के साथ मारपीट करते हुए दुकान में तोड़फोड़ की।

बताया जा रहा है कि हमलावरों के पास लोहे के पाइप, सरिए और कुल्हाड़ी थी। आरोप है कि युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर दुकानदार पर हमला किया। इस दौरान कुल्हाड़ी के वार से कासम गंभीर रूप से घायल हो गया।

वारदात के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रेनवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दुकानदार को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए फरार हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमला किस वजह से हुआ तथा इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।