किशनगढ़ रेनवाल। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पूर्व पचार रोड स्थित सिद्धिविनायक इंटरनेशनल अकैडमी, किशनगढ़ रेनवाल की कक्षा 8 से 12वीं तक की छात्राओं ने किशनगढ़ रेनवाल पुलिस थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

इस अवसर पर छात्राओं ने सहायक उप निरीक्षक श्री प्रहलाद सिंह, सहायक उप निरीक्षक श्री विजय सिंह पूनिया, हेड कांस्टेबल श्री मोहनलाल, हेड कांस्टेबल श्री राजेश कुमार, महिला कांस्टेबल कुमारी रिंकू एवं श्रीमती सुमन सहित समस्त पुलिस स्टाफ की कलाई पर राखी बांधी। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और उनके सिर पर राजस्थानी पगड़ी भी पहनाई।

छात्राओं ने पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार पुलिसकर्मी हमेशा बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं, उसी प्रकार वे सदैव समाज की रक्षा करते रहें।

इस दौरान सहायक उप निरीक्षक श्री विजय सिंह ने सभी छात्राओं को उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए हमेशा उनकी रक्षा करने का वादा किया।

कार्यक्रम में स्कूल निदेशक इंजीनियर रमेश कुमार कुमावत, मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा कुमावत, अनु कंवर, बसंत शर्मा, नरेंद्र मीणा, हरि सिंह एवं सुनीता कुमावत सहित विद्यालय परिवार और किशनगढ़ रेनवाल पुलिस थाने का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

रक्षाबंधन के इस कार्यक्रम ने पुलिस और छात्राओं के बीच विश्वास, सम्मान एवं सुरक्षा के भाव को और मजबूत किया।