भैंसलाना। आदर्श पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भैंसलाना के पूर्व छात्र रमेश कुमावत ने अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश प्राप्त किया है। उनका चयन दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स (DCAC) में हुआ है।
रमेश कुमावत ने बताया कि वर्ष 2018-19 में वे आदर्श पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भैंसलाना से पढ़ाई करते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए चयनित हुए थे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों और स्कूल द्वारा मिली मजबूत शैक्षणिक नींव को दिया।
रमेश ने विशेष रूप से बजरंग सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने गणित विषय में लगातार मार्गदर्शन दिया, जबकि महेश कुमार शर्मा ने पढ़ाई पर नियमित निगरानी रखकर हमेशा प्रेरित किया। उनके सहयोग से पढ़ाई की कठिनाइयों को दूर करने में काफी मदद मिली।
नवोदय विद्यालय से 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद रमेश ने CUET परीक्षा की तैयारी की। कठिन मेहनत के दम पर उन्होंने सफलता हासिल की और अब उनका चयन दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स में हुआ है।
रमेश की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि आदर्श पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भैंसलाना और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निरंतर मेहनत से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों तक पहुंच सकते हैं।
विद्यालय परिवार ने रमेश कुमावत को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।
No approved comments yet. Be the first to share your view.