किशनगढ़-रेनवाल। रेनवाल नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और कांग्रेस की ओर से महिला पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया है। इसके साथ ही अध्यक्ष पद के लिए दोनों प्रमुख दलों के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है।

कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 18 की पार्षद सुनीता जोगीदास ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। वहीं भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 21 की पार्षद सुनीता अग्रवाल ने अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया है। ऐसे में अब अध्यक्ष पद की दौड़ में भाजपा की सुनीता अग्रवाल और कांग्रेस की सुनीता जोगीदास आमने-सामने हैं।

35 वार्डों में भाजपा के 15, कांग्रेस के 12 और 8 निर्दलीय

रेनवाल नगर पालिका में कुल 35 वार्ड हैं। इनमें भाजपा के 15, कांग्रेस के 12 और निर्दलीय 8 पार्षद हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव में बहुमत के आंकड़े को देखते हुए निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कई निर्दलीय पार्षद भाजपा खेमे के संपर्क में हैं। यदि निर्दलीय पार्षदों का समर्थन भाजपा के पक्ष में जाता है तो मुकाबले के समीकरण भाजपा के पक्ष में बन सकते हैं। हालांकि मतदान से पहले पार्षदों के रुख में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

निर्दलीयों पर टिकी निगाहें

अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबले के साथ ही सभी की नजरें निर्दलीय पार्षदों पर टिकी हैं। दोनों दल निर्दलीय पार्षदों को अपने पक्ष में साधने के लिए प्रयासरत बताए जा रहे हैं।

फिलहाल अध्यक्ष पद का अंतिम फैसला मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा की सुनीता अग्रवाल अध्यक्ष पद की कुर्सी संभालती हैं या कांग्रेस की सुनीता जोगीदास बाजी मारती हैं।

रेनवाल नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव का परिणाम मतदान के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ करेगा।

पूरा वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇