सांभर। राजस्थान की सांभर झील क्षेत्र जल्द ही देश में हाई स्पीड रेल तकनीक और आधुनिक ट्रेनों के परीक्षण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होने जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को जोधपुर मंडल के गुढ़ा-ठठाना-मीठड़ी के बीच बन रहे 64 किलोमीटर लंबे हाई स्पीड टेस्ट ट्रैक का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस टेस्ट ट्रैक पर ट्रेनों का करीब 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से परीक्षण किया जाएगा। यह देश की पहली अत्याधुनिक रेल टेस्टिंग लैब के रूप में विकसित की जा रही है।

महाप्रबंधक ने फुलेरा जंक्शन और सांभर रेलवे स्टेशन का भी दौरा किया। उन्होंने दोनों स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उनके साथ जोधपुर मंडल के डीआरएम पंकज त्रिपाठी सहित रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

टेस्टिंग के दौरान हाई रिजॉल्यूशन कैमरों, सेंसर, एआई और डेटा रिकॉर्डिंग सिस्टम की मदद से ट्रेन के प्रदर्शन और सुरक्षा से जुड़े लाखों तकनीकी आंकड़े प्रति सेकंड एकत्र किए जाएंगे। इन आंकड़ों का विश्लेषण कर ट्रेन की स्थिरता, ब्रेकिंग क्षमता, व्हील-रेल इंटरैक्शन, एयरोडायनामिक्स और ट्रैक पर पड़ने वाले प्रभावों की जांच की जाएगी।

वहीं, सांभर दैनिक रेल यात्री महासंघ और भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन मोदी ने महाप्रबंधक पंकज शर्मा को ज्ञापन सौंपकर सांभर रेलवे स्टेशन पर विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की।

हाई स्पीड टेस्ट ट्रैक के निर्माण से सांभर क्षेत्र को रेलवे की आधुनिक तकनीक के परीक्षण के राष्ट्रीय स्तर के केंद्र के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।