रिपोर्ट: मोना कुमावत
अणतपुरा। ग्राम अणतपुरा के होनहार छात्र विक्रम गर्वा ने NEET-2026 में पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया SC कैटेगरी में 90वीं रैंक हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर मिठाइयां बांटी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विक्रम गर्वा, पूर्व सरपंच स्वर्गीय लादूराम गर्वा के पौते तथा पुखराज गर्वा के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया। मजदूर पिता की मेहनत, मां के त्याग और गुरुजनों के मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विक्रम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, अणतपुरा से प्राप्त की। पहले ही प्रयास में NEET-2026 में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि सफलता के लिए मजबूत इरादे और निरंतर मेहनत सबसे बड़ा आधार होते हैं।
जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, पूरे अणतपुरा गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने विक्रम का भव्य स्वागत किया और उनकी इस उपलब्धि को गांव के इतिहास की गौरवपूर्ण उपलब्धियों में से एक बताया। ग्रामीणों का कहना है कि विक्रम की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस अवसर पर नागर डीडल, सिद्धार्थ बरी, शंकरलाल सुण्डा, नरेंद्र गर्वा, मदनलाल, ओमप्रकाश बिजारणियां, भंवरलाल गर्वा, वैद्य जयनारायण कुमावत, यशपाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विक्रम गर्वा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
"मजदूर पिता के पसीने, मां के त्याग और बेटे की अथक मेहनत ने आज इतिहास रच दिया। अणतपुरा का यह लाल अब पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गया है।"
No approved comments yet. Be the first to share your view.