रेनवाल में 11,000 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण, आज भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम !
कि० रेनवाल, जयपुर |
संगीतमय श्रीराम कथा महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को सूरज भवन परिसर में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। कथा के उपरांत पूर्व संध्या पर मातृशक्ति ने सामूहिक रूप से 11,000 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया। भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा के साथ बड़ी संख्या में माताओं एवं बहनों ने इस पुण्य कार्य में भाग लेकर वातावरण को शिवमय बना दिया।
आयोजन समिति ने बताया कि शनिवार, 01 अगस्त 2026 को प्रातः 08:15 बजे से 11,000 पार्थिव शिवलिंगों का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजन किया जाएगा। इस महाअनुष्ठान में 51 यजमान दंपत्तियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पार्थिव शिवलिंगों का पूजन संपन्न होगा।
यह विशेष अनुष्ठान कि० रेनवाल नगर की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति एवं जनकल्याण की मंगलकामना के लिए आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य एवं पुण्यदायी आयोजन का लाभ लेने का आग्रह किया है।
इस अवसर पर कथा व्यास पूज्य श्री बृजेंद्र भारद्वाज जी महाराज के पावन सान्निध्य में पूरा वातावरण शिवमय एवं भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं में कल होने वाले भव्य रुद्राभिषेक एवं पार्थिव पूजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
No approved comments yet. Be the first to share your view.