जोबनेर में अस्पताल के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर 2 लाख रुपये की नकदी चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

जयपुर। जयपुर जिले के जोबनेर कस्बे में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अस्पताल के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर बदमाश करीब 2 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पत्नी को दिखाने अस्पताल पहुंचे थे पीड़ित

जानकारी के अनुसार, पीड़ित दौलत राम अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल के बाहर अपनी कार खड़ी की और अंदर चले गए। इसी दौरान बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे करीब 2 लाख रुपये चोरी कर लिए।

बैंक से ही कर रहे थे पीछा, रेकी की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले से ही पीड़ित की रेकी कर रखी थी। आशंका जताई जा रही है कि बैंक से नकदी निकालने के बाद से ही आरोपी उनका पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

घटना की सूचना मिलते ही जोबनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।  सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बड़ी रकम निकालने के बाद उसे वाहन में छोड़कर न जाएं और आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

वारदात का पूरा वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए वीडियो पर क्लिक करें। 👇