जयपुर। शहर के जगतपुरा पुलिया पर शनिवार को एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती घायल हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिया पर आगे चल रही एक कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी सवार भूमिका कुमावत सड़क पर गिर गईं और घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवती की मदद की और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों की सहायता मिलने से बड़ा हादसा टल गया।

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।