जोबनेर। जोबनेर थाना क्षेत्र के हिंगोनिया गांव में सोमवार सुबह जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। लंबे समय से चल रहे पारिवारिक जमीन विवाद के बीच एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार मोहनलाल निठारवाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन घायल को तत्काल जयपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जोबनेर थाने के बाहर एकत्रित हो गए। लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया।
मौके पर जोबनेर वृत्ताधिकारी पन्नालाल जांगिड़ और थाना प्रभारी हनुमान सहाय यादव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से समझाइश कर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी हनुमान सहाय यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर जमीनी विवाद के चलते मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
पूरी घटना का वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए वीडियो पर क्लिक करें।
No approved comments yet. Be the first to share your view.