शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत जोबनेर एवं किशनगढ़ रेनवाल में खाद्य प्रतिष्ठानों पर सैम्पलिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई।

रिपोर्ट राहुल शर्मा। 

शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के अंतर्गत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, अविचल चतुर्वेदी के आदेशों की पालना में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय, डॉ. मनीष मित्तल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा जोबनेर एवं किशनगढ़ रेनवाल कस्बे में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं सैम्पलिंग की कार्रवाई की गई।

 

रक्षाबंधन के त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाई तथा अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों एवं उनके कारखानों का निरीक्षण किया गया तथा खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए।

 

कार्रवाई के दौरान जोबनेर स्थित खुशी जोधपुर मिष्ठान भंडार, अलवर मिष्ठान भंडार , नवरतन मिष्ठान भंडार, शंकर मिष्ठान भंडार,से बेसन के लड्डू , कलाकंद , बूंदी लड्डू, जलेबी के नमूने जांच हेतु लिए गए। इसी क्रम में किशनगढ़ रेनवाल में जनता जोधपुर स्वीट्स, गणपति मिष्ठान भंडार, अशोका स्वीट्स एवं बालाजी जोधपुर मिष्ठान भंडार आदि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न मिठाइयों के नमूने जांच हेतु लिए गए।

 

उक्त कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला, जयपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम एवं संबंधित नियमों के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

 

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम में रमेश चंद यादव, अवधेश गुप्ता एवं मुकेश कुमार शामिल रहे।