रिपोर्ट: मोना कुमावत

किशनगढ़ रेनवाल। ग्राम दीपपुरा निवासी होनहार छात्र विक्रम गर्वा पुत्र पुखराज गर्वा ने NEET-2026 परीक्षा में पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया SC कैटेगरी में 90वीं रैंक प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता से अणतपुरा, दीपपुरा सहित आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है।

विक्रम, पूर्व सरपंच स्वर्गीय लादूराम गर्वा के पौते हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उनके पिता पुखराज गर्वा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता के प्रोत्साहन और परिवार के सहयोग ने विक्रम को अपने लक्ष्य तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विक्रम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, अणतपुरा से प्राप्त की। उनकी सफलता इस बात का उदाहरण है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

विक्रम की इस उपलब्धि पर अणतपुरा, दीपपुरा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों, समाज के लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें एवं उनके परिवार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।